गुना। कैंट छावनी स्थित श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर के वार्षिक विमानोत्सव 17 दिसंबर को आयोजित होंगे। आचार्यश्री विद्यासागरजी महाराज, मुनिश्रीद्वय समय सागरजी एवं सुधा सागरजी महाराज के आशीर्वाद से ट्रस्ट कमेटी एवं सकल दिगंबर जैन समाज कैंट के तत्वाधान में भगवान जिनेन्द्र के वार्षिक विमानोत्सव हर्षोल्लास से कैंट क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से निकाले जाएंगे। इस मौके पर प्रात: 7 बजे भगवान का अभिषेक, शांतिधारा, 7:30 बजे जिनेन्द्र देव की पूजन अर्चना, प्रात: 11 बजे से विमान महोत्सव का चल समारोह आरंभ होगा। जो कैंट के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुन: श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर पहुंचेगा। यहां संजय शास्त्रीजी के निर्देशन में भगवान का अभिषेक, शांतिधारा, फूलमाल आदि धार्मिक कार्यक्रम होंगे। शाम 4 बजे सामूहिक भोजन एवं रात्रि 7 बजे से आरती होगी। मंदिर कमेटी के संरक्षक महावीर कुमार पाण्ड्या, अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार जैन झीला, सचिव सुनील कुमार जैन एडवोकेट ने समाजबंधुओं से विमानोत्सव में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
कैंट में जैन समाज के विमानोत्सव 17 को 518 वर्ष पुरानी मंदिर में 120 वर्षों से निकाली जा रही है वार्षिक रथ यात्रा
मंदिर कमेटी के सदस्य जैनेन्द्र जैन झांझरी ने बताया कि कैंट स्थित दिगंबर जैन आदिनाथ मंदिर 518 वर्ष प्राचीन जैन मंदिर है। यहां करीब 120 वर्षों से निरंतर भगवान का रथ महोत्सव मनाए जाने की परंपरा निर्वाद रूप से जारी है। इस विमानोत्सव में कैंट और गुना जैन समाज ही नहीं अपिंतु जिले एवं आसपास से हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। मंदिर में भगवान आदिनाथ एवं भगवान पाश्र्वनाथ की अति मनोहरी जिन प्रतिमाएं स्थापित हैं। कैंट छावनी स्थित आदिनाथ जैन मंदिर काफी समय तक गुना एवं कैंट का एक मात्र जैन मंदिर रहा। करीब डेढ़ शताब्दी पूर्व गुना में बस्ती बसने पर चौधरी मोहल्ला स्थित पाश्र्वनाथ दिगंबर की स्थापना हुई।